बड़ी खबर: स्वामी प्रसाद मौर्य बोले, …तो इसलिए हमारा देश बंटता चला गया
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश के विकास में जाति-पांति और छुआ—छूत कैंसर की तरह हैं। उन्होंने भाई चारे व प्रेम सौहार्द पर जोर देते हुए कहा कि कलिंग युद्ध के बाद सम्राट अशोक भगवान बुद्ध की शरण में जाकर शस्त्र न उठाने की शपथ ली और प्यार से सम्राट अशोक महान बन गए।
यह भी पढ़ें … जमीनी विवाद में मां बेटे की पिटाई, बेटे की हालत गंभीर
प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य शुक्रवार को सीजीएनपीजी कॉलेज के नेहरु सभागार में चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की 2322वीं जयंती समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चंद्रगुप्त मौर्य समाज के प्रथम शासक रहे हैं। जिनके समय में अपराध नहीं था और लूटपाट भी नहीं थी। चहुंओर संपन्नता का माहौल था। विश्वविजेता का सपना संजोए आक्रांता सिकंदर को भी उनके सामने घुटने टेकने पड़े। मौर्य वंश का भारत में लगातार लगभग 133 वर्ष शासन रहा। उस दौरान भारत सोने की चिडिया कहलाता था। हम जातिवाद, छुआछूत के कारण बंटते चले गए, जिससे हमारा देश भी बंटता चला गया। अब भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काम कर रहे हैं। इसी क्रम में अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
इससे पहले कॉलेज सभागार में प्रवक्ता अनंतराम कुशवाहा की अध्यक्षता में हुए जयंती समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या, विशिष्ट अतिथि ब्रजभूषण सिंह कुशवाहा पूर्व एमएलसी, पूर्व विधायक जलालाबाद नीरज मौर्य, क्षेत्रीय विधायक अरविंद गिरि, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने भगवान गौतम बुद्ध व सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने डॉ. आरपी मौर्य की नमो बुद्धाय जीवन दर्पण पत्रिका का विमोचन किया तथा समाज के मेधावी सानिया मौर्या, काजल मौर्या, निखिल मौर्या, आस्था सहित 15 छात्र छात्राओं को उत्कृष्ट पढाई की दिशा में स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें … राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को दी बड़ी चुनौती, बोले- चुनौती स्वीकारों नहीं तो ….
इसी कड़ी में अतिथियों ने कुशवाहा मौर्य शाक्य सैनी मानव कल्याण संस्था के ग्राम लक्ष्मणजती स्थित चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान भवन का शिलान्यास किया। इसके बाद श्रममंत्री लाव लश्कर के साथ सदर चौराहा स्थित अशोक स्तंभ का पूजन व माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार मौर्य ने किया। संस्थाध्यक्ष रामकुमार मौर्य, आदर्श मौर्य, वीरपाल सिंह कुशवाहा आदि ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेट किए। इस मौके पर समाज के सैकडों लोग मौजूद रहे।